अशोकनगर: मुख्यमंत्री से संवाद के तीन दिन बाद भाजपा नेता पर एफआईआर, पूर्व विधायक जज्जी पर साजिश का आरोप
अशोकनगर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में उस समय हडक़ंप मच गया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से महज तीन दिन पहले संवाद करने वाले भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह रघुवंशी पर पुलिस ने एक हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
मामला जिले के शाढ़ौरा थाना क्षेत्र का है। एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद धर्मवीर सिंह रघुवंशी ने रविवार रात एक वीडियो जारी कर पुलिस और राजनीतिक विरोधियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी एवं सुधीर रघुवंशी के दबाव में आकर पुलिस ने उनके खिलाफ मनगढ़ंत और पूरी तरह से फर्जी मामला दर्ज किया है। धर्मवीर सिंह ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
जमीनी विवाद को बनाया राजनीतिक रंजिश का हथियार:धर्मवीर सिंह रघुवंशी का स्पष्ट कहना है कि पूर्व विधायक जजपाल सिंह उनसे व्यक्तिगत राजनीतिक रंजिश रखते हैं। इसी खुन्नस के चलते उनके खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र रचकर एफआईआर दर्ज कराई गई है। घटना की असलियत बताते हुए उन्होंने कहा कि मूल विवाद भास्कर सिंह रघुवंशी और अरुण रघुवंशी के बीच का एक निजी जमीनी मामला था। दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद हुआ था, लेकिन पूर्व विधायक के दबाव में पुलिस ने जबरन उनका नाम इस प्रकरण में घसीट लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

