अशोकनगर: राजघाट बांध का जलस्तर बढऩे से चंदेरी-ललितपुर मार्ग बंद, 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर: राजघाट बांध का जलस्तर बढऩे से चंदेरी-ललितपुर मार्ग बंद, 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया


अशोकनगर: राजघाट बांध का जलस्तर बढऩे से चंदेरी-ललितपुर मार्ग बंद, 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया


अशोकनगर, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिले की सीमा पर स्थित राजघाट बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि के चलते मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग ठप हो गया है।

बांध का निर्धारित सुरक्षा लेवल बनाए रखने और पानी की अत्यधिक आवक को नियंत्रित करने के लिए आज प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए चंदेरी-ललितपुर मार्ग पर आवागमन आगामी सूचना तक पूरी तरह बंद कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बांध से 75,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। हालांकि, ऊपरी क्षेत्रों से लगातार आ रहे पानी के भारी दबाव को देखते हुए आज रात 10: 00 बजे से पानी की निकासी को बढ़ाकर सीधे 1,50,000 (डेढ़ लाख) क्यूसेक किया जा रहा है।

इतनी भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से बेतवा नदी का जलस्तर और बहाव खतरनाक स्तर पर पहुंच जाएगा, जिससे चंदेरी-ललितपुर मार्ग पर स्थित मुख्य पुल पूरी तरह से जलमग्न हो जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इस मार्ग पर हर तरह के वाहनों और पैदल आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

प्रशासन ने नदी के आसपास के इलाकों और निचले गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही, इस मार्ग से यात्रा करने वाले चालकों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें तथा जलस्तर सामान्य होने और प्रशासनिक अनुमति मिलने तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। आपदा प्रबंधन टीमें और बांध नियंत्रण कक्ष स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story