अशोकनगर: रेलवे ट्रैक पर मिले जोड़े के शव की पहचान पति-पत्नी के रूप में हुई

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर: रेलवे ट्रैक पर मिले जोड़े के शव की पहचान पति-पत्नी के रूप में हुई


अशोकनगर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में बिना-गुना रेलवे ट्रैक पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया था। रेलवे ट्रैक पर मिले युवक-युवती के शवों की शिनाख्त आखिरकार शुक्रवार को पति-पत्नी के रूप में हो गई है। मृतका के सीने पर गुदे जगपाल-बरखा नाम के टैटू ने पुलिस को उनकी पहचान करने में सबसे अहम भूमिका निभाई।

सीने पर गुदा टैटू बना पहचान का जरिया

देहात थाना प्रभारी भुवनेश्वर शर्मा ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे पुलिस को रेलवे ट्रैक पर दो शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। मृतका के सीने पर जगपाल-बरखा नाम लिखा हुआ था, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

शुक्रवार को दोनों मृतकों की पहचान जगपाल और बरखा के रूप में हुई, जो आपस में पति-पत्नी थे और अशोकनगर के शंकर कॉलोनी के निवासी थे। बताया जा रहा है कि मृतक जगपाल शराब पीने का आदी था, लेकिन दोनों ने एक साथ यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह सवाल अब भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

लोको पायलट की आँखों देखी: वो हटने को तैयार नहीं थे...

रात करीब 2 बजे जब बीना से गुना की तरफ जा रही ट्रेन हिनौतिया-पीपलखेड़ा के पास पहुंची, तब पोल क्रमांक 1047 के पास लोको पायलट (ड्राइवर) को ट्रैक पर एक युवक-युवती खड़े दिखाई दिए।

चश्मदीद ड्राइवर के अनुसार दूरी से ही दोनों को ट्रैक पर देखकर मैंने लगातार इंजन का तेज हॉर्न बजाया। लेकिन हॉर्न की आवाज सुनकर पीछे हटने या भागने के बजाय, दोनों सीधे ट्रेन के ट्रैक के बीचों-बीच आ गए। ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी, जब तक इमरजेंसी ब्रेक काम करते, तब तक दोनों ट्रेन की चपेट में आ चुके थे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story