अशोकनगर: कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों पर उठाए सवाल, भाजपा के दौरे पर खुद घिर गए महेंद्र यादव

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर: कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों पर उठाए सवाल, भाजपा के दौरे पर खुद घिर गए महेंद्र यादव


अशोकनगर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों के जिले में नहीं आने का मुद्दा उठाने वाले राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव खुद पत्रकारों के सवालों में घिर गए। कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने भाजपा के करीब दो दशक के शासनकाल में मुख्यमंत्रियों के अशोकनगर दौरे को लेकर पूछे गए सवालों का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। अंततः धन्यवाद कहकर पत्रकारवार्ता से उठ गए।

राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव गुरुवार को आगामी बिरसा मुंडा समारोह के संबंध में पत्रकारवार्ता करने अशोकनगर पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लेकर सवाल पूछा गया। इसके जवाब में यादव ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों के अशोकनगर नहीं आने का मुद्दा उठा दिया।

उन्होंने कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों के जिले में नहीं आने पर सवाल तो खड़े किए, लेकिन पत्रकारों ने उनसे भाजपा के लंबे शासनकाल का हिसाब मांग लिया। सवाल किया गया कि यदि कांग्रेस के मुख्यमंत्री अशोकनगर नहीं आए तो भाजपा के शासनकाल में कितने मुख्यमंत्री जिले में पहुंचे? क्या जिले की उपेक्षा का मुद्दा केवल कांग्रेस के कार्यकाल तक सीमित रहेगा या भाजपा भी इसके लिए जवाबदेह है?

दरअसल, मुख्यमंत्री का अशोकनगर नहीं आना किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित मुद्दा नहीं है, बल्कि यह जिले की राजनीतिक उपेक्षा और विकास से जुड़ा सवाल है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल प्रदेश की सत्ता में रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के किसी मुख्यमंत्री का अशोकनगर में आखिरी दौरा वर्ष 2003 में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समय हुआ था। इसके बाद किसी मुख्यमंत्री का जिले में दौरा नहीं हुआ।

महेंद्र सिंह यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधकर राजनीतिक बहस छेड़ने की कोशिश की, लेकिन पत्रकारों के सवालों ने बहस का रुख बदल दिया। भाजपा के शासनकाल में मुख्यमंत्रियों के जिले में नहीं आने को लेकर पूछे गए सवालों पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। आखिरकार धन्यवाद कहकर पत्रकारवार्ता से उठ गए।

अब सवाल यह है कि अशोकनगर के प्रति राजनीतिक जवाबदेही केवल विपक्ष से मांगी जाएगी या सत्तारूढ़ दल भी अपने कार्यकाल का हिसाब देगा? क्या अशोकनगर केवल चुनाव के समय राजनीतिक दलों को याद आता है, या प्रदेश की सत्ता के लिए भी इस जिले का कोई महत्व है?

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story