अशोकनगर: रास्ता भटकी 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला, डायल-112 बनी सहारा; पुलिस ने परिजनों से मिलाया

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर: रास्ता भटकी 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला, डायल-112 बनी सहारा; पुलिस ने परिजनों से मिलाया


अशोकनगर, 13 नम्बर(हि.स.)। उम्र के इस पड़ाव पर जब एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला रास्ता भटककर अपनों से बिछड़ गईं और उन्हें अपने घर व कॉलोनी का पता तक याद नहीं रहा, तब मध्य प्रदेश के अशोकनगर में शुक्रवार को डायल-112 पुलिस उनके लिए सहारा बनकर पहुंची। पुलिसकर्मियों की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, डायल-112 पर बरखेड़ी, गुना रोड क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के घर से भटककर पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डायल-112 का स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचा। वहां करीब 80 वर्षीय महिला मिलीं, जो रास्ता भटक गई थीं। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें न तो अपनी कॉलोनी का नाम याद था और न ही घर का पता बता पा रही थीं।

ऐसे में पुलिसकर्मियों ने धैर्य और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पहले महिला को सुरक्षित वाहन में बैठाया। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर उनके परिजनों और घर की जानकारी जुटाई। काफी प्रयासों के बाद महिला के घर का पता लगाकर उन्हें सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय से लापता महिला को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता एवं मानवीय पहल के लिए आभार जताया।

इस सराहनीय कार्यवाही में आरक्षक 512 कृष्ण कुमार रघुवंशी एवं डायल-112 पायलट अरुण कुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं, बल्कि संकट में फंसे लोगों की मदद और सुरक्षा भी उसकी प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story