राजगढ़ः अस्पताल परिसर से बाइक चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, भेजा जेल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः अस्पताल परिसर से बाइक चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, भेजा जेल


राजगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शासकीय अस्पताल परिसर से चोरी हुई बाइक के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चोरी गई बाइक के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक भी जब्त की, जिनकी कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी हुकुमसिंह मीणा ने गुरुवार को बताया कि 9 नवंबर को ग्राम पीपल्दा निवासी कैलाशचंद (40) पुत्र बद्रीलाल सेन अपनी बाइक क्रमांक एमपी 39 एमजे 1417 लेकर शासकीय अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बाइक अस्पताल परिसर में टीनशेड के नीचे खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राकेश (25) पुत्र हजारीलाल अहिरवार निवासी सेमली, थाना सुसनेर, जिला आगर मालवा और मनीष (28) पुत्र त्रिलोकचंद लिमनपुरे निवासी नंदन नगर इंदौर, हाल निवासी गवली मोहल्ला नलखेड़ा को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गई बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक क्रमांक एमपी 70 एम 3912 जब्त की। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी हुकुमसिंह मीणा, एसआई अरुण जाट,जितेन्द्र अजनारे, प्रआर. अनिल नायक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story