राजगढ़ः चोरी के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, मशरूका बरामद
राजगढ़, 14 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से गोदाम से लहसुन के कट्टे चोरी के मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत मशरुका बरामद किया।
थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत ने गुरुवार को बताया कि एक मई को फरियादी गोपाल यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि में अज्ञात चोर उनके गोदाम से 05 कट्टा लहसुन चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत लगभग पचास हजार रुपए है। पुलिस ने प्रकरण में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर पड़ताल शुरु की। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर एएसपी केएल. बंजारे, एसडीओपी मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थल, आसपास के सीसीटीवी कैमरों एवं साइबर तकनीक की मदद से आरोपित सुमित (18) पिता राममूर्ति वर्मा, निवासी संजय नगर कॉलोनी,नरसिंहगढ़ और भगवानसिंह पिता रामसिंह कुशवाह, निवासी नरसिंहगढ़ को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पचास हजार रुपए कीमत पांच कट्टा लहसुन बरामद किया। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत, एएसआई मांगीलाल शिवहरे, प्रआर.धनसिंह, आर.दुष्यंत जाट, कपिल अटारिया, पर्वतसिंह रुहैला सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

