राजगढ़ःसीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःसीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार


राजगढ़, 17 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ स्थित जिला चिकित्सालय में पदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. शोभा पटेल को भोपाल लोकायुक्त पुलिस की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

आवेदक हरिओम अहिरवाल, निवासी बिलेयर अपार्टमेंट, गांधी नगर रोड, भोपाल, राजगढ़ में “सुविधा डायग्नोस्टिक सेंटर” के नाम से सोनोग्राफी सेंटर संचालित करते हैं। वे अपने केंद्र पर एमपी ऑनलाइन के माध्यम से डॉ. आकाश तनेजा का नाम जुड़वाना चाहते थे। इस प्रक्रिया के अप्रूवल के लिए सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल द्वारा 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त को दी शिकायत के अनुसार, आरोपित सीएमएचओ ने 11 अप्रैल को 10,000 रुपए तथा 15 अप्रैल को 20,000 रुपए पहले ही ले लिए थे और शेष 20,000 रुपए देने पर ही अप्रूवल जारी करने की बात कही थी। आवेदक द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई की योजना बनाई गई। पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त दुर्गेशकुमार राठौर द्वारा गठित ट्रैप टीम ने राजगढ़ जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सरकारी आवास पर जाल बिछाकर आरोपी सीएमएचओ को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते ही पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। आरोपिया के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह,आशीष भट्टाचार्य, निरीक्षक रजनी तिवारी, घनश्यामसिंह मर्सकोले, एसआई मोनिका पाण्डेय, प्रआर. नेहा परदेसी, मुकेश पटेल, आरक्षक मनमोहन साहू, यशवंत पटेल एवं रविंद्र शर्मा षामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story