राजगढ़ः ट्रक से आठ लाख से अधिक का गांजा जब्त, तीन आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 23 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित देवश्री ढ़ाबा के सामने से दबिश देकर एक ट्रक को पकड़ा, तलाशने पर वाहन में 80 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत आठ लाख से अधिक बताई गई है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को हिरासत में लिया, जो गांजा उड़ीसा से जीरापुर लेकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरु की।
थानाप्रभारी जितेन्द्रसिंह मावई ने सोमवार को बताया कि बीती रात मुखबिर की सूचना पर हाइवे स्थित श्रीदेव ढ़ाबा के सामने से दबिश देकर ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजी 6477 को पकड़ा, तलाशने पर वाहन में 80 किलों गांजा मिला। पुलिस ने मौके से कालूसिंह पुत्र नारायणसिंह सौंधिया, राजू पुत्र मांगीलाल राठौर और गिरिराज पुत्र भगवानसिंह चैहान निवासी जीरापुर को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 9 लाख रुपए कीमती ट्रक, 8 लाख तीन हजार 700 रुपए का गांजा और 75 हजार रुपए कीमती तीन मोबाइल बरामद किए है। पूछताछ पर आरोपितों ने बताया कि गांजा उड़ीसा से जीरापुर लेकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अदालत में पेश किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

