राजगढ़ः फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से युवक को बुलाकर पाइप-बेल्ट से पीटा, तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से युवक को बुलाकर पाइप-बेल्ट से पीटा, तीन आरोपित गिरफ्तार


राजगढ़, 30 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए एक युवक को मिलने बुलाकर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि उसे लड़की की आईडी से बातचीत कर मिलने के लिए बुलाया गया था। वहां पहुंचते ही पहले से मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और पाइप व बेल्ट से बेरहमी से पीटा। पुलिस ने बुधवार को मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, जीरापुर निवासी 20 वर्षीय प्रदीप पुत्र रंगलाल भिलाला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात इंस्टाग्राम पर बनी लड़की की आईडी से उससे संपर्क किया गया। बातचीत के बाद उसे अपना नगर ब्यावरा स्थित बाग वाले बालाजी मंदिर के पास मिलने बुलाया गया। प्रदीप बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां कई लोग पहले से मौजूद थे।

आरोप है कि उन्होंने उसे घेरकर पाइप और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। प्रदीप ने बचने का प्रयास किया और किसी तरह वहां से निकलकर ब्यावरा थाने पहुंचा। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया, जिसके बाद सिविल अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। प्रदीप ने बताया कि मारपीट करने वालों में से किसी को वह पहले से नहीं पहचानता था। पुलिस अब फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाने वाले और युवक को मिलने बुलाने वाले की पहचान में जुटी है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि युवक को बुलाने के पीछे वजह क्या थी। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story