राजगढ़ः जिला अस्पताल से बाइक चोरी के मामले में चार गिरफ्तार, 4.20 लाख रुपये की सात मोटरसाइकिलें बरामद

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः जिला अस्पताल से बाइक चोरी के मामले में चार गिरफ्तार, 4.20 लाख रुपये की सात मोटरसाइकिलें बरामद


राजगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जिला अस्पताल से बाइक चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक विधि विरुद्ध बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बुधवार को बताया कि गत 10 अक्टूबर को ग्राम गागोरनी निवासी कन्हैयालाल गुर्जर ने जिला अस्पताल राजगढ़ से अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और एसडीओपी भावना दांगी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र निवासी विशाल भील (20) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी कमल वर्मा सहित छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं, दूसरे मामले में गत 25 फरवरी को जिला अस्पताल से गुना जिले के झोरदा निवासी मांगीलाल यादव की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने पुरा पाड़ल्या निवासी पहलवान सिंह तंवर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके साथी घनश्याम तंवर से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों मामलों में विशाल भील, कमल वर्मा, पहलवान सिंह तंवर और घनश्याम तंवर को गिरफ्तार किया है। एक विधि विरुद्ध बालक की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस आरोपितों से अन्य वाहन चोरी की वारदातों और उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story