राजगढ़ः उर्स मेले में चोरी का प्रयास व फर्जी टिकट बिक्री, पांच युवक गिरफ्तार
राजगढ़,23 मार्च (हि.स.)। राजगढ़ कोतवाली थाना पुलिस ने उर्स मेले में सुरक्षा व्यवस्था के बीच चोरी, फर्जी टिकट बिक्री और उपद्रव की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपितों को हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि एसपी अमित तोलानी के निर्देशन में मेले में पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बीती रात मेले में खरीददारी कर रही एक महिला के पर्स से मोबाइल चोरी करने का प्रयास करने पर पुलिस ने हेमराज पुत्र भागीरथ मेवाड़े निवासी बाराद्वारी राजगढ़ को हिरासत में लिया। वहीं झूला परिसर में नकली टिकट बेचने की शिकायत पर पुलिस ने अनारसिंह पुत्र अमरलाल तंवर निवासी रघुनाथपुरा को पकड़ा। इसके अतिरिक्त मेले में आमजन से झगड़ा कर शांति भंग करने के मामले में तीन युवकों परमेश्वर पुत्र गोपीलाल लोधी निवासी श्रीपुरा, गोरधन पुत्र देवचंद तंवर और विष्णू पुत्र शिवनारायण तंवर निवासी गिरधरपुरा, थाना मनोहरथाना जिला झालावाड़ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसी दौरान भीड़ में लापता हुई 10 वर्षीय पूर्ति सेन को सुरक्षित ढूंढकर उसकी मां रेखा पत्नी जगदीश सेन निवासी कल्लूखेड़ी के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

