राजगढ़ः आरएसएस पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला कांग्रेस आईटी सेल अध्यक्ष गिरफ्तार
राजगढ़, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना पुलिस टीम ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और उसके सरसंघचालक मोहन भागवत को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस आईटी सेल के जिला अध्यक्ष रघुवीरसिंह चंदेल को शक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम डिगवाड़ निवासी रघुवीरसिंह चंदेल ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें आरएसएस और उसके कार्यकर्ताओं को लेकर विवादित टिप्पणी की गई थी। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संघ कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई। शुक्रवार को बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हिंदू समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग सारंगपुर थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि संबंधित पोस्ट से संघ कार्यकर्ताओं और हिंदू समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही यह भी कहा कि ऐसी टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी धर्म, संगठन या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष धु्रव भल्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष महेश पुष्पद सहित बड़ी संख्या में संघ स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

