राजगढ़ः बीपीएल योजना में आठ लाख और बाइक का झांसा देकर ठगे डेढ़ लाख, झांसी से साइबर ठग गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बीपीएल योजना में आठ लाख और बाइक का झांसा देकर ठगे डेढ़ लाख, झांसी से साइबर ठग गिरफ्तार


राजगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर सरकारी योजना के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपित को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 1.50 लाख रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने गुरुवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम लहरचा निवासी मुकेश पुत्र इमरत गिर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह ड्राइवर है और 5 से 16 जून 2026 तक काम के सिलसिले में टोंक (राजस्थान) गया हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी मौसमबाई के मोबाइल पर अज्ञात लोगों ने फोन कर खुद को सरकारी योजना से जुड़ा अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि बीपीएल योजना के तहत 8 लाख रुपए और एक पल्सर बाइक मिलेगी। इसके लिए प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग किश्तों में फोनपे और बाद में कालीपीठ स्थित एक कंप्यूटर सेंटर के माध्यम से कुल 1,50,017 रुपए जमा करा लिए। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।

विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में गठित टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में आरोपित की लोकेशन झांसी जिले में मिलने पर पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से ग्राम खजराहा निवासी 26 वर्षीय राघवेंद्र पुत्र रामस्वरुप कुशवाहा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 1.50 लाख रुपए की नकदी, एक मोबाइल और दो सिम कार्ड बरामद किए। पुलिस अब इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों, फर्जी बैंक खातों और फर्जी सिम उपलब्ध कराने वाले लोगों की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story