यूपीआई के जरिए महिला के खाते से निकाले 1.65 लाख रुपये, इंदौर से भाई-बहन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यूपीआई के जरिए महिला के खाते से निकाले 1.65 लाख रुपये, इंदौर से भाई-बहन गिरफ्तार


राजगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक महिला के बैंक खाते से बिना जानकारी के मोबाइल नंबर लिंक कर यूपीआई के जरिए 1 लाख 65 हजार 807 रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में इंदौर से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से 90 हजार रुपये बरामद किए हैं, जबकि करीब 66 हजार रुपये एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से होल्ड कराए गए हैं।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने गुरुवार को बताया कि 17 सितंबर को ग्राम लाडनपुर निवासी गंगाबाई (55) पत्नी गोपीलाल सौंधिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया के खाते में करीब 3.50 लाख रुपये जमा थे। खाते से 50 हजार रुपये निकालने के लिए बैंक पहुंचीं तो स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि अलग-अलग समय में उनकी जानकारी और सहमति के बिना खाते से 1 लाख 65 हजार 807 रुपये निकाल लिए गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि महिला के बैंक खाते से एक अन्य मोबाइल नंबर लिंक था, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। इसी नंबर के जरिए आरोपितों ने यूपीआई का इस्तेमाल कर खाते से रकम निकाली थी।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और एसडीओपी भावना दांगी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर इंदौर से रोहित (31) पुत्र सुरेश उर्फ मुन्नालाल गौड़ निवासी भगत सिंह नगर, नई बस्ती और काजल पत्नी रितिक शर्मा निवासी बापू मुरारी कॉलोनी को गिरफ्तार किया।

पुलिस रिमांड के दौरान रोहित ने बताया कि वह यूपीआई के जरिए निकाली गई रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करता था। इनमें काजल के विभिन्न बैंक खाते भी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी मंजू मखेनिया, एसआई भंवर सिंह भूरिया, प्रधान आरक्षक मोईन अंसारी, आरक्षक श्याम रघुवंशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ओटीपी, आधार और बैंक खाते से संबंधित जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story