राजगढ़ः शादी का झांसा देकर विधवा महिला से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 10 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर विधवा महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार महिला ने शिकायत में बताया कि जीरापुर निवासी शाहरुख खान ने उससे शादी करने का वादा किया था। महिला का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर आरोपित ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के मुताबिक 14 जून की रात आरोपित ने महिला के घर में उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 29 अगस्त को प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम आरोपित के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित जीरापुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बीती रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपित को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

