राजगढ़ः पांच रुपए के नोट के बदले 36 लाख का झांसा, इंस्टाग्राम पर युवक से 1.05 लाख की साइबर ठगी, आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर इंस्टाग्राम पर 5 रुपए के पुराने नोट के बदले 35.96 लाख रुपए दिलाने का लालच देकर युवक से 1.04 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले आरोपित को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से ठगी की पूरी राशि 1,04,927 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एएसपी केएल.बंजारे ने सोमवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम गौरियाखेड़ा निवासी 21 वर्षीय गोविंद पुत्र बीरमसिंह सौंधिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जून को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखकर उसने संपर्क किया, जिसमें 5 रुपए के उस पुराने नोट के बदले 35.96 लाख रुपए देने का दावा किया गया था, जिस पर ट्रैक्टर चलाते किसान की तस्वीर बनी होती है। आरोपित ने पहले क्यूआर कोड भेजकर 520 रुपए जमा कराए। इसके बाद प्रोसेसिंग, डिलीवरी और अन्य बहाने बनाकर अलग-अलग किस्तों में 4 हजार, 2,200, 2 हजार रुपए सहित कई बार भुगतान कराया। बाद में आरोपित ने युवक के चाचा के फोन से भी यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर करवाई। कुल 14 ट्रांजेक्शन में दो अलग-अलग क्यूआर कोड पर 1,04,927 रुपए ठग लिए गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर साइबर टीम के साथ तकनीकी जांच शुरू की।
डिजिटल साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपित सिकंदर(24)पुत्र जगदीश वाल्मीकि, निवासी ओदाका, थाना नौगांव, जिला अलवर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। आरोपित से ठगी की पूरी नकद राशि, वीवो और रेडमी कंपनी के दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दोनों मोबाइलों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, इसलिए अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में माचलपुर पुलिस, साइबर टीम और अलवर पुलिस के संयुक्त सहयोग से की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

