पड़ाना में दो देवस्थलों की मूर्तियां खंडित, ग्रामीणों में आक्रोश; एक युवक हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
पड़ाना में दो देवस्थलों की मूर्तियां खंडित, ग्रामीणों में आक्रोश; एक युवक हिरासत में


राजगढ़, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ाना में शुक्रवार को दो देवस्थलों की मूर्तियां खंडित कर दिए जाने का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के बाद तहसीलदार, एसडीओपी और थाना प्रभारी सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में खंडित कर हटाई गई मूर्तियों को उनके मूल स्थान पर वापस रखवाया गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक हिरासत में

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बबलू पुत्र फकीरचंद वंशकार को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार युवक पर भैरू महाराज और काला-गोरा महाराज की मूर्तियों को खंडित करने का आरोप है।

प्रारंभिक जानकारी में युवक के भीम आर्मी से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस संबंध में भी जांच की जा रही है और संगठन से जुड़ाव सहित अन्य आरोपों की पुष्टि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही की जाएगी।

घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story