तीन साल से फरार अपहरण-दुष्कर्म का आरोपित राजगढ़ में गिरफ्तार, बस स्टैंड से पुलिस ने दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
तीन साल से फरार अपहरण-दुष्कर्म का आरोपित राजगढ़ में गिरफ्तार, बस स्टैंड से पुलिस ने दबोचा


राजगढ़, 7 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले की छापीहेड़ा थाना पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपित लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

थानाप्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि दुपाड़िया निवासी दिनेश पुत्र रामसिंह वर्मा के विरुद्ध वर्ष 2021 में अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले में सारंगपुर न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कई बार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह हर बार पुलिस की पकड़ से बच निकलता था। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन में उसकी तलाश के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे थे।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित सारंगपुर बस स्टैंड पर मौजूद है और बस से कहीं अन्यत्र जाने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दिनेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती, सहायक उपनिरीक्षक कैलाश व्यास, प्रधान आरक्षक दिवाकर वर्मा, आरक्षक पंकज शर्मा सहित थाना पुलिस का अन्य स्टाफ शामिल रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story