उज्जैन जिले में करीब 200 वर्तमान तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों को मिलेगा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन जिले में करीब 200 वर्तमान तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों को मिलेगा लाभ


उज्जैन, 08 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सरकार के एक आदेश के बाद जिला शिक्षा विभाग,उज्जैन में हलचल बढ़ गई है। जिनकी सेवा 35 वर्ष हो गई है उन्हें तथा वे शिक्षक जो सेवानिवृत्त हो गए हैं लेकिन 1 जुलाई,23 को सेवानिवृत्त होते समय उनकी सेवावधि 35 वर्ष हो गई थी,उन्हे इसका लाभ मिलेगा। वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों,जिनकी 1 जुलाई,26 को 35 वर्ष की सेवावधि जो जाएगी,वे भी लाभान्वित होंगे। जिले में ऐसे करीब 200 शिक्षकों को लाभ मिलेगा।

जिले के प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी महेंद्र खत्री ने बुधवार को बताया कि स्कूली शिक्षा विभाग,भोपाल से 1 अप्रेल को जारी पत्र प्राप्त हो गया है। इस पत्र के अनुसारसहायक शिक्षकों,शिक्षकों तथा नवीन शेक्षणिक संवर्ग के प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों को,जिनकी सेवावधि 35 वर्ष पूर्ण हो गई है,उन्हे इस आदेश का लाभ मिलेगा। यह क्रमोन्नति वेतनमान 1जुलाई,23 से प्रभावशील माना जाएगा।

उन्होने बताया कि 3 सितंबर,2005,26 अप्रैल 2017 तथा 25 अक्टूबर,2017 को जारी आदेश की छाया में जिला शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में प्राप्त विभिन्न पत्रों के आधार पर 12-24-30 वर्ष सेवावधि के आधार पर प्रथम,द्वितीय,तृतीय क्रमोन्नति वेतनमान स्वीकृत(31 मार्च,26 तक की स्थिति में) किया गया था। सहायक शिक्षकों,शिक्षकों तथा नवीन शैक्षणिक संवर्ग के प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को निरंतर 35 वर्ष सेवावधि पूर्ण करने पर चतुर्थ वेतनमान की स्वीकृति दी जाना है। उक्त मामले में संबंधित जानकारी जिले के सभी विकासखण्ड कार्यालयों से मंगवाई गई है। वहां से प्राप्त जानकारी के आधार पर सभी पात्रों की 1 जुलाई,23 से(जो उक्त दिनांक को या इससे बाद सेवानिवृत्त हो गए और जिनकी सेवावधि 35 वर्ष है) चतुर्थ क्रमोन्नति का लाभ दिया जाएगा। उक्त राशि सेवानिवृत्तों के खाते में मय पीएफ एवं पेंशन बढ़ोतरी के आधार पर जमा हो जाएगी।

लाभ मिलने के बाद वेतन इस प्रकार रहेगा-

* सहायक शिक्षक: 15,600-39,100+5400 ग्रेड पे (सातवें वेतनमान में एल-11)56,100 से 1,77,500

* शिक्षक(यूडीटी): 15,600-39,100+7600 ग्रेड-पे(सातवें वेतनमान में एल-14)79,900-2,11,700

* प्राथमिक शिक्षक-खेल-गायन-वादन-नृत्य-विज्ञान-आईटी: 15,600-39,100+5400 ग्रेड पे(सातवें वेतनमान में एल-11)56,100 से 1,77,500

* माध्यमिक शिक्षक-खेल-गायन-वादन: शिक्षक(यूडीटी): 15,600-39,100+7600 ग्रेड-पे(सातवें वेतनमान में एल-14) 79,900-2,11,700

15 अप्रैल तक मांगी है जानकारी

खत्री ने बताया कि उक्त जानकारी 15 अप्रेल,26 तक आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय,भोपाल को भेजी जाना है। इस संबंध में आदेश 6 अप्रेल को जारी हुआ है। सभी की जानकारी एक निर्धारित प्रपत्र में भेजी जाना है,जिसमें विगत 5 वषो की गोपनीय चरित्रावली का मतांकन भी मांगा गया है। शीघ्र ही यह जानकारी भेज दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story