अनूपपुर: कॉलोनी में रात को घूमता दिखा भालू, बिजली सुधारने पहुंचे कर्मचारी काम छोड़कर वापस लौटे

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: कॉलोनी में रात को घूमता दिखा भालू, बिजली सुधारने पहुंचे कर्मचारी काम छोड़कर वापस लौटे


अनूपपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जमुना-कोतमा क्षेत्र की जमुना कॉलोनी में जंगली भालू की आवाजाही से रहवासी दहशत में हैं। मंगलवार- बुधवार की रात कॉलोनी की गलियों में भालू के घूमने का वीडियो सामने आया है। वन्यजीव की मौजूदगी के डर से लोग सूरज ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं। इससे पहले भी कॉलोनी में भालू देखा जा चुका है।

बताया गया कि रात कॉलोनी की बिजली व्यवस्था अचानक ठप हो गई थी। सूचना पर कॉलरी क्षेत्र के बिजली कर्मचारी फॉल्ट सुधारने पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर भालू पर पड़ गई। सुरक्षा को देखते हुए कर्मचारी काम छोड़कर वापस लौट गए। जिससे पूरी जमुना कॉलोनी में रातभर बिजली बहाल नहीं हो सकी।

रहवासियों का कहना है कि बिजली बंद होने और भालू की मौजूदगी से परेशानी बढ़ गई है। लगातार भालू के मूवमेंट से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है।

एचएमएस अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में भालू की मौजूदगी आम लोगों और रात में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए खतरा है। वन विभाग को गश्ती दल तैनात कर भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखनी चाहिए। रहवासियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने वन विभाग और बिजली विभाग से समन्वय बनाकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही कॉलोनी की बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग रखी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story