श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र सोनागिर का वार्षिक होली मेला 4 मार्च से
दतिया, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत जैन सिद्धक्षेत्र सोनागिर का वार्षिक होली मेला 4 मार्च से प्रारंभ होगा। पांच दिवसीय यह धार्मिक आयोजन चैत्र कृष्ण एकम (4 मार्च) से चैत्र कृष्ण पंचमी (8 मार्च 2026) तक आयोजित किया जाएगा। मेले का आयोजन श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र सोनागिर संरक्षित कमेटी (न्यास) के तत्वावधान में किया जा रहा है।
होली के पावन अवसर पर आयोजित यह मेला पारिवारिक संस्कृति और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। देशभर से जैन धर्मावलंबी यहां पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित करते हैं। पर्वत स्थित मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा और प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मेले के दौरान विशेष रूप से रुकेंगी ट्रेनें
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन के अनुसार मेले के मद्देनजर सोनागिर रेलवे स्टेशन पर उदयपुर-खजुराहो एक्सप्रेस, बरौनी मेल तथा बुंदेलखंड एक्सप्रेस विशेष रूप से ठहरेंगी। इसके अतिरिक्त लिंक एक्सप्रेस, पठानकोट एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनें नियमित रूप से रुकती हैं। मध्य प्रदेश की डिपो बसें भी सोनागिर तिराहे पर यात्रियों की सुविधा के लिए ठहरेंगी।
सुबह वंदना, शाम को दीपदान
मेले में श्रद्धालु प्रातःकाल भगवान चंद्रप्रभु का अभिषेक कर पर्वत स्थित 77 जिनालयों के दर्शन एवं वंदना करते हैं। दोपहर और सायंकाल पर्वत की परिक्रमा की जाती है, वहीं शाम को दीपों से भव्य दीपदान एवं आरती का आयोजन होता है। रात्रि में संगीतमय भक्ति, भजन और आरती से पूरा पर्वत क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है।
रथयात्राएं और संत प्रवचन रहेंगे आकर्षण
पांच दिवसीय मेले के दौरान प्रतिदिन विभिन्न जिनालयों से जैन संतों के सानिध्य में भगवान जिनेंद्र की रथयात्राएं गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएंगी। तेरह पंथी कोठी, बीस पंथी कोठी, वरैया भट्टारक कोठी एवं खारौआ समाज द्वारा अलग-अलग दिवसों पर रथयात्राएं आयोजित होंगी। रथयात्राएं मंदिरों से प्रारंभ होकर विशाल धर्मशाला पहुंचेंगी, जहां संतों के प्रवचन, कलशाभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
इसके साथ ही भक्ति नाटक, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से पूरा सोनागिर क्षेत्र पांच दिनों तक श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

