राजगढ़ः अंजनीलाल धाम में संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता में उमड़े बच्चे, 100 सवालों से परखी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः अंजनीलाल धाम में संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता में उमड़े बच्चे, 100 सवालों से परखी जानकारी


राजगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में श्री अंजनीलाल मंदिर धाम में बच्चों को धर्म, भारतीय संस्कृति और महापुरुषों के जीवन चरित्र से परिचित कराने के उद्देश्य से नवरात्रि महोत्सव के तहत प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू हुआ। मंगलवार को आयोजित संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता में विभिन्न शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों की संख्या इतनी अधिक रही कि मंदिर ट्रस्ट को अतिरिक्त बैठक व्यवस्था करनी पड़ी।

श्री अंजनीलाल मंदिर ट्रस्ट द्वारा दशकों से चली आ रही परंपरा के तहत हर साल नवरात्रि में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इसी क्रम में भारतीय संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को रामायण, महापुरुषों के जीवन और भारतीय संस्कृति से जुड़े 100 प्रश्नों वाली प्रश्नपत्रिका हल करने को दी गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने ज्ञान को परखा।

प्रतियोगिता में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों की संख्या स्कूल प्रबंधन और मंदिर ट्रस्ट की अपेक्षा से अधिक रही। इसके चलते बैठने की व्यवस्था कम पड़ गई और अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। परीक्षा समाप्त होने के बाद ट्रस्ट परिवार की ओर से सभी प्रतिभागियों को बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए। आयोजन के दौरान मंदिर ट्रस्ट के सदस्य, श्रद्धालु और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व्यवस्थाओं में जुटे रहे। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें देश के महापुरुषों के विचारों और आदर्शों से जोड़ना है

।नवरात्रि महोत्सव के तहत बुधवार को शाम 7 बजे से गीत-गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, गुरुवार 15 अक्टूबर को शाम 7 बजे से नृत्य प्रतियोगिता होगी। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। इससे अधिक से अधिक बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story