दमोह: जागेश्वरनाथ का आशीर्वाद लेकर अनिल राठौर ने संभाला जिला कलेक्टर का प्रभार

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: जागेश्वरनाथ का आशीर्वाद लेकर अनिल राठौर ने संभाला जिला कलेक्टर का प्रभार


दमोह: जागेश्वरनाथ का आशीर्वाद लेकर अनिल राठौर ने संभाला जिला कलेक्टर का प्रभार


दमोह, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के नवागत कलेक्टर अनिल राठौर ने पदभार ग्रहण करने से पहले भगवान जागेश्वरनाथ का आशीर्वाद लिया। शुक्रवार को उन्होंने सनातन परंपरा के अनुसार बुंदेलखंड के प्रसिद्ध सिद्ध तीर्थ क्षेत्र जागेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जागेश्वरनाथ का अभिषेक किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

माथे पर त्रिपुंड लगाकर वे दमोह स्थित संयुक्त कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ जिला कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि पूर्व कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के अवकाश पर जाने के बाद मध्य प्रदेश शासन द्वारा अनिल राठौर को दमोह कलेक्टर का प्रभार सौंपा गया है।

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कलेक्टर अनिल राठौर ने कहा कि दमोह प्राकृतिक सौंदर्य, संस्कृति और इतिहास से समृद्ध क्षेत्र है। यहां आकर उन्हें एक अलग अनुभव हुआ। उन्होंने बताया कि जागेश्वरनाथ का अभिषेक करते समय उन्हें असीम शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जिले के विकास के लिए बेहतर कार्य किए जाएं। शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक उनका लाभ पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

कलेक्टर राठौर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में नागरिक शासन-प्रशासन के साथ सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। सरकार द्वारा इस संबंध में लगातार एडवाइजरी जारी की जा रही है। वितरण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story