आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हितों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता : मंत्री भूरिया

WhatsApp Channel Join Now
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हितों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता         : मंत्री भूरिया


-मंत्री ने अधिकारियों को दिए न्यायसंगत मांगों के परीक्षण और शीघ्र निराकरण के निर्देश

भोपाल, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं और सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार उनके हितों के संरक्षण, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की न्यायसंगत एवं व्यावहारिक मांगों पर नियमानुसार सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।

मंत्री भूरिया सोमवार को मंत्रालय में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध मध्य प्रदेश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोजित बैठक में चर्चा कर रही थीं। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की लंबित मांगों, सेवा संबंधी समस्याओं तथा कार्य परिस्थितियों में सुधार के विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मानदेय में वृद्धि, नियमितीकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं सहित विभिन्न प्रशासनिक विषयों से संबंधित मांग पत्र मंत्री भूरिया को सौंपा। मंत्री ने प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना और विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक विषय का नियमानुसार परीक्षण कर व्यावहारिक समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मंत्री भूरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनमें प्रक्रियात्मक विलंब न हो तथा आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बेहतर कार्य वातावरण तथा कल्याणकारी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग द्वारा किए जा रहे कल्याणकारी प्रयासों तथा विभिन्न मांगों के संबंध में दिए गए स्पष्टीकरणों पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में सचिव, महिला बाल विकास जी.व्ही. रश्मि, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह, प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर, मध्यप्रदेश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ की प्रदेश महामंत्री सुनीता त्रिपाठी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story