छत्तीसगढ़ का अनीस उज्जैन की होटल के कमरे से युवती के साथ पकड़ाया
उज्जैन , 04 जून (हि.स.)। उज्जैन में खाराकुआ थाने के समीप होटल श्री गोपाला में छत्तीसगढ़ स्थित रायगढ का एक युवक बिना पहचान पत्र के एक युवती के साथ ठहरा हुआ था। हिन्दू समाज के लोगों को जैसे ही इसकी जानकारी लगी, उन्होने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद होटल के कमरे से युवक को पकड़ा गया। इस दौरान कमरे की जांच के दौरान संदिग्ध सामाग्री भी बरामद की गई।
गुरूवार शाम को होटल श्री गोपाला में एक युवक के बिना वैध दस्तावेजों के ठहरने की सूचना के बाद खाराकुआ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले होटल के रिकॉर्ड तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान सामने आया कि रायगढ़ (छत्तीसगढ़) निवासी मो. अनीस बुधवार से रायगढ़ की ही एक युवती के साथ होटल के कमरे में रुका हुआ था। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि होटल प्रबंधन ने उससे कोई पहचान पत्र नहीं लिया था। इतना ही नहीं, होटल के रजिस्टर में भी उसके ठहरने से संबंधित कोई प्रविष्टि दर्ज नहीं की गई थी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि युवक शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी है। जबकि युवती अविवाहित है। पुलिस ने उसके माता-पिता को सूचना दी है। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह देवड़ा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। होटल संचालक ने नियमों का उल्लंघन किया है। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

