अनूपपुर : फांसी के फंदे पर लटका मिला किसान का शव
अनूपपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के कोयलारी गांव में बुधवार को 40 वर्षीय रामखेलामन कोल का शव घर में फंदे पर लटका मिला। चाचा खाना खिलाने के लिए घर पहुंचे थे, लेकिन आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने खिड़की से अंदर देखा तो रामखेलामन का शव लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, कोयलारी टोला निवासी रामखेलामन कोल अपने चाचा धर्मदास कोल के घर खाना खाते थे। मंगलवार की रात्रि धर्मदास खाना लेकर भतीजे के घर पहुंच कर दरवाजे पर दस्तक देकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर तक आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने आसपास के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घर के पीछे जाकर खिड़की खोली तो रामखेलामन का शव घर की बड़ेर से साड़ी के फंदे पर लटका दिखाई दिया। परिजनों ने ग्रामीणों को सूचना दी और रात में कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार, रामखेलामन खेती-किसानी करता था। उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। तीन दिन पहले भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। मृतक के चार बच्चे हैं। छात्रावास में रह कर दो बच्चे शासकीय मॉडल स्कूल में पढ़ते हैं। एक बेटी बुआ के यहां रहती है, जबकि बड़ा बेटा घर पर रहता है।
कोतवाली थाना के विवेचक उप निरीक्षक महिपाल नामदेव ने बताया कि संभवतः रामखेलामन ने मंगलवार रात को ही फांसी लगाई होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

