अनूपपुरः परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्यता के लिए मनाई गई आंवला नवमी
अनूपपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर बुधवार को आंवला नवमी, अक्षय नवमी एवं इच्छा नवमी का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन भी किया। मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली अमरकंटक में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा।
पर्व के अवसर पर सुबह से ही जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थित आंवला वृक्षों के समीप महिलाओं ने पूजा स्थल तैयार कर विधि-विधान से पूजन किया। रोली, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित कर वृक्ष की परिक्रमा की तथा भगवान विष्णु से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन और आरती भी की। पूजन का सिलसिला सुबह से लेकर शाम तक चलता रहा।
अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक महत्व
सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी के रूप में विशेष पुण्यदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन किए गए जप, तप, दान, पूजा-पाठ और सत्कर्मों का फल अक्षय यानी कभी समाप्त नहीं होने वाला होता है। इसी मान्यता के चलते श्रद्धालु इस दिन धार्मिक अनुष्ठान करते हैं और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र सहित अन्य सामग्री का दान देते हैं।
आंवला नवमी पर आंवला वृक्ष की पूजा का भी विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार आंवला वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इसे आरोग्यता, पवित्रता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि कार्तिक मास में आंवला वृक्ष के नीचे भगवान विष्णु की पूजा करने और वहीं भोजन ग्रहण करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी परंपरा के तहत महिलाएं परिवार और संतान की उन्नति, दीर्घायु तथा सुखद भविष्य की कामना करती हैं।
वृक्ष के नीचे भोजन बनाकर किया ग्रहण
पर्व की परंपरा के अनुसार महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष के नीचे विभिन्न प्रकार के पकवान और भोजन तैयार किए। विधिवत पूजन के बाद भोजन को प्रसाद के रूप में ग्रहण किया और परिजनों एवं अन्य श्रद्धालुओं के साथ साझा किया। इस दौरान धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक मेल-मिलाप और सामूहिक सहभागिता का भी नजारा देखने को मिला।
अमरकंटक के अलावा पेंड्रा रोड, राजेंद्रग्राम, बिजलपोड़ी, करंजिया और आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पर्व मनाने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर आंवला वृक्षों के नीचे अपनी पारिवारिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना की।
मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक में आंवला नवमी पर विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। यहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार के कल्याण और जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

