अमरनाथ यात्रा के लिए 12वां जत्था रेलमार्ग से रवाना, चार अगस्त को करेगा बाबा बर्फानी के दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
अमरनाथ यात्रा के लिए 12वां जत्था रेलमार्ग से रवाना, चार अगस्त को करेगा बाबा बर्फानी के दर्शन


बालाघाट, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से श्री अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का 12वां जत्था शनिवार को रेलमार्ग से रवाना हुआ। सात श्रद्धालुओं का यह दल चार अगस्त को बालटाल मार्ग से पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करेगा। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ यात्रा का शुभारंभ किया।

शिव शक्ति सेवा मंडल के सेवादार कृष्णा सेठिया और राकेश साहू ने बताया कि मंडल के माध्यम से इस वर्ष जिले के लगभग एक हजार श्रद्धालुओं का अमरनाथ यात्रा के लिए बैंक और ऑनलाइन माध्यम से पंजीयन कराया गया है। शनिवार को रवाना हुआ यह 12वां जत्था सात श्रद्धालुओं का है।

उन्होंने बताया कि नगर निवासी रंजन साहू 23वीं बार बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं और वे ही इस जत्थे का नेतृत्व कर रहे हैं। दल में बैसाकु मालवी, डॉ. हरिप्रसाद सतनामी, डॉ. मयंक साहू, सत्यनारायण झरिया, ऋतिक गौतम और शालिग्राम लागे शामिल हैं।

मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि दर्शन तिथियों के अनुसार जिले से अन्य श्रद्धालु भी लगातार अमरनाथ यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। कुछ श्रद्धालु वायुमार्ग से भी यात्रा करेंगे। इस अवसर पर सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan

Share this story