अनूपपुर: शोषण-भेदभाव का आरोप, जेएमएस कंपनी के खिलाफ मजदूरों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: शोषण-भेदभाव का आरोप, जेएमएस कंपनी के खिलाफ मजदूरों का प्रदर्शन


अनूपपुर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा जनपद पंचायत क्षेत्र के बसखला गांव में संचालित जेएमएस कंपनी के खिलाफ सोमवार को स्थानीय कर्मचारियों और किसानों ने सैकड़ों मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर वादा खिलाफी, भेदभावपूर्ण रवैया और श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया। साथ चेतावनी देते हुए कहा हैं कि 7 दिन में अगर मांगें न मानी तो उग्र आंदोलन होगा।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से वे कर्मचारी और किसान शामिल थे, जिनकी जमीन पर कंपनी संचालित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी जायज मांगें पूरी नहीं की गईं, तो कंपनी का उत्पादन ठप कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन स्थानीय और बाहरी कर्मचारियों के बीच लगातार भेदभाव कर रहा है। बाहरी कर्मचारियों को अधिक वेतन, बेहतर सुविधाएं और बोनस दिया जा रहा है, जबकि स्थानीय मजदूरों को कम वेतन देकर उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।

मजदूरों ने बताया कि जब वे अपने हक और सुविधाओं की मांग करते हैं, तो प्रबंधन उन्हें नौकरी से निकालने का नोटिस देकर डराने और दबाने का प्रयास करता है। कर्मचारियों ने कंपनी पर दमनकारी नीति अपनाने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी मजदूरों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, स्थानीय कर्मचारियों को प्राथमिकता, बोनस एवं अन्य सुविधाओं में समानता और नौकरी से निकालने के नोटिस के जरिए किए जा रहे उत्पीड़न पर रोक शामिल है। प्रदर्शन के दौरान कंपनी प्रबंधन ने सात दिनों के भीतर लंबित मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मजदूरों ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story