अनूपपुर: सोनमौहरी पहुंचे तीनों हाथी, एक सप्ताह गोबरी में बिताया
अनूपपुर, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी वनपरिक्षेत्र में तीन जंगली हाथियों का झुंड लगातार कहर बरपा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ये हाथी पिछले 87 दिनों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में परेशानी का सबब बने हुए हैं। 7 दिनों तक गोबरी के जंगल के बाद गुरुवार की सुबह हाथियों ने सोनमौहरी के जंगल में डेरा जमाया है।
हाथियों का समूह विगत एक सप्ताह से वन परिक्षेत्र, जैतहरी के वन बीट गोबरी के जंगल में दिन बीताने बाद रात में खेतों में लगी विभिन्न तरह के सामग्रियों को अपना आहार बनाया हुए। जिसके बाद वन परिक्षेत्र वन बीट दुधमनिया अंतर्गत ग्राम पंचायत पंगना के जल्दाटोला में महेंद्र सिंह के खेत में लगी धान की फसल को आहार बनाते हुए पंगना के बेलियाकछरा निवासी सुल्तान सिंह के पक्के घर का दरवाजा तोड़कर घर में रखी धान की बोरियों को बाहर निकाल कर खाया। वहीं गोबरी पंचायत के बेलियाकछरा निवासी मुकेश राठौर, गणेश राठौर एवं लल्लू सिंह के खेतों में गेहूं, चना, मठरी एवं अन्य फसलों को खाते हुए तिपान नदी पार कर अमगवां पंचायत के खिरनाटोला निवासी मनोज राठौर के खेत में लगे केला के कई पेड़ों को तथा गेहूं की फसल को खाया, गुरुवार की सुबह छुलहा एवं अमगवां के विभिन्न टोला के पास से विचरण करते हुए गुरुवार की सुबह वन परिक्षेत्र अनूपपुर के वन बीट सोनमौहरी के बांस प्लांटेशन में डेरा जमाया हैं जो रात में किस ओर जायेंगे रात होने पर ही पता चल सकेगा।
हाथियों के निरंतर विचरण एवं सम्पत्तियो के नुकसान किए जाने के कारण ग्रामीण भयभीत एवं परेशान है। वन परिक्षेत्र अधिकारी जैतहरी विवेक मिश्रा, परि, सहायक कोमल सिंह मरावी, राजू केवट कुंवर सिंह सोर्ठै, वन्यजीव संरक्षक अनूपपुर शशिधर अग्रवाल ने राजेंद्रग्राम, अनूपपुर एवं जैतहरी वन परिक्षेत्र के वनपाल, वनरक्षकों के साथ वन सुरक्षाश्रमिकों, हाथी मित्र दल सदस्यों द्वारा हाथियों के विचरण पर निगरानी रखते हुए ग्रामीणों को सतर्क एवं सचेत रहने की हिदायतें दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

