भगवान लव-कुश के आदर्शों को अपनाकर शिक्षा और संस्कार से समाज को नई दिशा दें: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

WhatsApp Channel Join Now
भगवान लव-कुश के आदर्शों को अपनाकर शिक्षा और संस्कार से समाज को नई दिशा दें: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत


सागर, 20 सितंबर (हि.स.)। भगवान श्रीराम के पुत्र भगवान लव-कुश केवल हमारे आराध्य नहीं, बल्कि साहस, संस्कार, शिक्षा, स्वाभिमान, न्याय और सत्य के प्रतीक हैं। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि परिस्थितियां कैसी भी हों, हमें सत्य और संस्कारों का मार्ग कभी नहीं छोड़ना चाहिए। आज आवश्यकता है कि हम भगवान लव-कुश के आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए आने वाली पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य देने का संकल्प लें।

यह बात प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा द्वारा आयोजित भगवान लव-कुश जन्म उत्सव एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि बच्चों की शिक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। इसी सोच के साथ सुरखी विधानसभा क्षेत्र में बच्चों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्मार्ट क्लास शुरू की गई हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि केवल भवन बनाने से शिक्षा बेहतर नहीं होती, बल्कि बच्चों को आधुनिक संसाधन, बेहतर वातावरण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

युवाओं को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि आज के समय में केवल सरकारी नौकरी की प्रतीक्षा करना ही सफलता का रास्ता नहीं है। युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता और आधुनिक व्यवसाय के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए। सुरखी विधानसभा में युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने के लिए खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, क्योंकि खेल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना सिखाते हैं।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि समाज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। शिक्षा, खेल, प्रशासन, चिकित्सा और विज्ञान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब बेटी शिक्षित और आत्मनिर्भर बनेगी, तब परिवार, समाज और राष्ट्र तीनों मजबूत होंगे।

विकास के अन्य आयामों पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क और भवन निर्माण नहीं है, बल्कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं भी मजबूत होना जरूरी है। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।

गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भगवान लव-कुश जन्मोत्सव सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देने का बड़ा अवसर है। हमें समाज के बीच दूरी नहीं बल्कि संवाद बढ़ाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

समारोह के दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कुशवाहा समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, डॉक्टरों, वकीलों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाले विद्यार्थी भविष्य में अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करेंगे।

इस भव्य आयोजन में नरयावली विधानसभा के विधायक प्रदीप लारिया, ग्वालियर लोकसभा सांसद भारत सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय महामंत्री अर्जुन पटेल, महासचिव नारायण सिंह कुशवाहा, विदिशा से राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश ग्वालियर, राजेश कुशवाहा, हरदा से प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप पटेल कनेरा, अनिल पटेल, माया पटेल, गोविंद पटेल सिहोरा, श्याम पटेल, अशोक पटेल पिपरा, शिवराज पटेल राहतगढ़, शोभाराम पटेल, जगदीश पटेल सहित शहर और जिलेभर से बड़ी संख्या में कुशवाहा समाज के गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज की एकता, शिक्षा, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story