चारबैत लोक गायन परंपरा के संरक्षण के लिए अखिल भारतीय समारोह 25-26 अप्रैल को भोपाल में
- देश भक्ति थीम पर आधारित दो दिवसीय आयोजन में वरिष्ठ एवं युवा कलाकारों की होंगी प्रस्तुतियां
भोपाल, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा लुप्तप्राय उर्दू लोकगायन परंपरा “चारबैत” के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से 25 एवं 26 अप्रैल को अखिल भारतीय चारबैत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन भोपाल के शाहजहानाबाद स्थित गोलघर में दोनों दिन सायं 7:30 बजे से होगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जनंसपर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि यह आयोजन मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी, म.प्र. संस्कृति परिषद और संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। समारोह की थीम “चारबैत में देशभक्ति के रंग, वंदे मातरम् के संग” निर्धारित की गई है।दो दिवसीय आयोजन में रामपुर, चांदपुर एवं भोपाल की प्रतिष्ठित चारबैत टीम प्रस्तुति देंगी। साथ ही अकादमी द्वारा प्रशिक्षित युवा कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चारबैत लगभग 400 वर्ष पुरानी उर्दू लोक गायन परंपरा है, जो वर्तमान में विलुप्ति के कगार पर है। अकादमी द्वारा इसके संरक्षण और नई पीढ़ी को प्रशिक्षण देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने नागरिकों, साहित्य एवं संस्कृति प्रेमियों से कार्यक्रम में सह भागिता कर इस सांस्कृतिक धरोहर को प्रोत्साहित करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

