अलीराजपुरः आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था में 3.99 करोड़ रुपये के गबन आरोप, 3 अधिकारियों पर केस दर्ज
अलीराजपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था में 3.99 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में रविवार देर रात तीन अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। कट्ठीवाड़ा थाना पुलिस ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित झाबुआ की कट्ठीवाड़ा शाखा के प्रबंधक उदयसिंह चौहान की लिखित शिकायत पर यह कार्रवाई की है।
शाखा प्रबंधक चौहान ने कट्ठीवाड़ा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि चार्टर्ड अकाउंटेंट की जांच में पाया गया कि गिरधारी लाल राठौड़ (तत्कालीन शाखा प्रबंधक आमखुट, संस्था प्रबंधक और शाखा पर्यवेक्षक), रमेश भूरिया (समिति प्रबंधक, केवड़ा निवासी) और निर्भय सिंह तोमर (तत्कालीन शाखा प्रबंधक कट्ठीवाड़ा, बड़ी सर्दी निवासी) ने अपने पद का दुरुपयोग कर कुल 3,99,05,661 रुपये की सरकारी राशि का गबन किया। आरोपियों ने बैंक के सीबीएस सिस्टम में फर्जी आईडी के माध्यम से गलत प्रविष्टियां कीं। उन्होंने किसानों की निर्धारित ऋण सीमा से अधिक राशि का वितरण दर्शाया और किसानों द्वारा जमा की गई ऋण राशि को उनके खातों में जमा नहीं किया, जिससे वित्तीय अनियमितताएं हुईं।
पुलिस ने शिकायत और चार्टर्ड अकाउंटेंट की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए तत्कालीन अधिकारियों -निर्भय सिंह तोमर, गिरधारी लाल राठौड़ और रमेश भूरिया के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कट्ठीवाड़ा पुलिस ने इस गंभीर आर्थिक अपराध की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है। उप-निरीक्षक लालू सिंह भूरिया को इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कार्रवाई जिला प्रशासन और बैंक मुख्यालय के निर्देशों के बाद की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

