आलीराजपुर में स्कूल की दीवार से टकराया यात्री टेंपो, दो की मौत, 10 घायल, चार की हालत गंभीर
आलीराजपुर, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रिंगोल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हाे गया। यहां यात्रियों से भरा एक लोडिंग टेंपो अनियंत्रित होकर स्कूल की दीवार से जा टकराया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे रिंगोल गांव के उतार पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लोडिंग टेंपो सेजावाड़ा से यात्रियों को लेकर बरझर हाट बाजार जा रहा था। रिंगोल के ढलान वाले हिस्से में वाहन चालक का नियंत्रण टेंपो से हट गया, जिसके बाद वाहन तेज रफ्तार में स्कूल की दीवार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में सविता गणावा निवासी संदा सेजावाड़ा और धन्ना भूरा निवासी रिंगोल की मौत हो गई। हादसे में घायल 10 लोगों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से चार यात्रियों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात के दाहोद स्थित अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बरझर चौकी प्रभारी शिवा तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

