मध्य प्रदेश में 15 से 18 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट, ग्वालियर-चंबल में रहेगा ज्यादा असर

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में 15 से 18 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट, ग्वालियर-चंबल में रहेगा ज्यादा असर


मध्य प्रदेश में 15 से 18 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट, ग्वालियर-चंबल में रहेगा ज्यादा असर


- प्रदेश के 5 संभागों में बदलेगा मौसम

भोपाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। गुरुवार, 15 अक्टूबर से अगले चार दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। ग्वालियर और चंबल संभाग में इसका ज्यादा असर रहने का अनुमान है। वहीं, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग के कुछ जिलों में भी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, नीमच और मंदसौर में बारिश की संभावना है। इसके बाद 16, 17 और 18 अक्टूबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और नए चक्रवाती सिस्टम के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है। इसी के चलते 15 से 18 अक्टूबर के बीच मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

प्रदेश से मानसून 3 अक्टूबर को ही विदा हो चुका है, लेकिन नए मौसम सिस्टम सक्रिय होने के कारण बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। पिछले सप्ताह पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिला था। हालांकि, रविवार और सोमवार को प्रदेश में कहीं भी आंधी-बारिश दर्ज नहीं की गई। पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड का मिला-जुला दौर देखने को मिलता है। इस साल भी कुछ ऐसा ही मौसम बना हुआ है। अक्टूबर की शुरुआत में आसमान साफ होने के साथ तेज धूप निकली, जबकि रात के तापमान में ठंडक महसूस की जा रही है। इसी बीच कई जिलों में बारिश भी हो रही है।

प्रदेश के 25 जिलों में मानसून सीजन के दौरान बारिश का निर्धारित कोटा पूरा हो गया। इनमें भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर शामिल हैं।

वहीं, बाकी 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। इनमें नरसिंहपुर, दमोह, बालाघाट, अशोकनगर, मुरैना, मंदसौर, खंडवा, बड़वानी, नीमच, जबलपुर, रीवा, सागर, देवास, सिवनी, सीहोर, शिवपुरी, रायसेन, छिंदवाड़ा, विदिशा, शाजापुर, पांढुर्णा, इंदौर, उज्जैन, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761100 Articles

Share this story