राजगढ़ः अजा एकादशी पर श्याम दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
राजगढ़, 07 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अजा एकादशी के पावन अवसर पर सोमवार को ब्यावरा के श्री खाटू श्याम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगला आरती के साथ शुरू हुआ बाबा श्याम के दर्शन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
मंदिर समिति के अनुसार बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्गों तक दिनभर भक्तों की भीड़ नजर आई। एकादशी पर बाबा खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था।
मंदिर समिति के अनुसार उज्जैन से मंगाए गए करीब 51 किलो ताजे फूलों से बाबा का श्रृंगार और दरबार सजाया गया। फूलों से सजे दरबार में बाबा का दिव्य स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। निशान लेकर पहुंचे भक्त, गूंजे जयकारे शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ आसपास के गांवों से भी निशान यात्राएं मंदिर पहुंचीं। भक्त हाथों में निशान लेकर ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों पर झूमते हुए बाबा के दरबार पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर ‘जय श्री श्याम’ और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारे गूंजते रहे। पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति के साथ पुलिस, प्रशासन, नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभाला। दर्शन के लिए कतार व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में बाबा के दर्शन कर अजा एकादशी का पुण्य लाभ लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

