नागदा : स्पीकर ओम बिरला के एआई जेनरेटेड वीडियो के प्रचार के आरोप में युवा कांग्रेस नेता भी उलझा
नागदा, 21 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा निवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक हर्षद शर्मा कथित एआई जनरेट वीडियो के प्रचार-प्रसार के मामले में जारी विशेषाधिकार हनन नोटिस के दायरे में आ गए हैं। मामला लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से जुड़ा बताया जा रहा है।
हर्षद शर्मा ने शनिवार को बातचीत में बताया कि लोकसभा सचिवालय की ओर से कांग्रेस संचार विभाग से जुड़े 9 नेताओं को विशेषाधिकार हनन का नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में आरोप है कि स्पीकर ओम बिरला से संबंधित कथित एआई वीडियो और आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट/प्रचारित की गई। संबंधित नेताओं से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
शर्मा ने स्वीकार किया कि इस नोटिस में उनका नाम भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक हैं तथा पूर्व में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) में भी राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
मीडिया में प्रसारित खबरों के अनुसार जिन नेताओं के नाम नोटिस में बताए जा रहे हैं, उनमें सुप्रिया श्रीनाटे, जयराम रमेश, पवन खेड़ा सहित अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं। बताया गया है कि पवन खेड़ा और जयराम रमेश समेत कुछ नेताओं को नोटिस प्राप्त भी हो चुका है, जबकि हर्षद शर्मा ने कहा कि उन्हें अभी औपचारिक रूप से नोटिस नहीं मिला है।
एक प्रश्न के उत्तर में शर्मा ने कहा कि वे सोशल मीडिया पर कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करते रहते हैं। संभव है कि किसी वरिष्ठ नेता की पोस्ट को साझा करने के कारण उनका नाम शामिल हुआ हो। उन्होंने कहा कि नोटिस प्राप्त होने पर विधिवत जवाब दिया जाएगा।
फिलहाल यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

