शहडोल: एआई कॉलिंग सॉफ्टवेयर ‘मातृ साथी’ से उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को मिल रहा समय पर उपचार
शहडोल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा आधुनिक तकनीक आधारित एआई कॉलिंग सॉफ्टवेयर ‘मातृ साथी’ प्रारंभ किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि कलेक्टर पार्थ जायसवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति के मार्गदर्शन में नवम्बर 2026 से प्रारंभ इस पहल के माध्यम से उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं से सीधे संपर्क कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जा रही है। समस्या सामने आने पर संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर महिला को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभियान के प्रथम चरण में 09 नवम्बर से 25 नवम्बर 2026 तक जिले की 3,649 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को कॉल किया गया। इस दौरान कुल 8,707 कॉल प्रयास किए गए, जिनमें से 2,108 कॉल सफलतापूर्वक कनेक्ट हुए तथा 1,669 महिलाओं से संपर्क स्थापित हुआ। कॉल के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आने पर 978 प्रकरण बनाए गए। इनमें से 885 प्रकरण अर्थात लगभग 90 प्रतिशत मामलों में महिलाओं से संपर्क कर उपचार एवं आवश्यक प्रबंधन के उपरांत प्रकरण बंद किए जा चुके हैं। शेष 93 प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही जारी है।
अब तक मैन्युअल फोन मॉनिटरिंग से भी किया जा रहा था उपचार प्रबंधन
एआई कॉलिंग व्यवस्था प्रारंभ होने से पहले भी जिले में उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की नियमित फोन मॉनिटरिंग की जा रही थी। जनवरी से नवम्बर 2026 के दौरान चिन्हित सभी 10,690 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं से एएनएम, सीएचओ एवं मेडिकल ऑफिसर द्वारा मैन्युअल रूप से फोन पर संपर्क कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गई। इस प्रकार शत-प्रतिशत महिलाओं तक फोन के माध्यम से पहुंच सुनिश्चित की गई।
इस अवधि में मध्यम एनीमिया से ग्रसित 8,975 महिलाओं में से 7,354 महिलाओं का सफल उपचार एवं प्रबंधन किया गया, जिसकी सफलता दर 81.9 प्रतिशत रही। गंभीर एनीमिया से ग्रसित 455 महिलाओं में से 426 महिलाओं का उपचार एवं प्रबंधन किया गया, जिसकी सफलता दर 93.6 प्रतिशत रही। इसी प्रकार गर्भावस्था जनित उच्च रक्तचाप (पीआईएच) से ग्रसित 1,260 महिलाओं में से 1,156 महिलाओं का उपचार एवं प्रबंधन सुनिश्चित किया गया, जिसकी सफलता दर 91.7 प्रतिशत रही। इस प्रकार कुल 10,690 चिन्हित महिलाओं में से 8,936 महिलाओं का सफल उपचार एवं प्रबंधन किया गया, जो 83.6 प्रतिशत है।
एआई तकनीक से अब और तेज हुई निगरानी व्यवस्था
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि नई व्यवस्था के अंतर्गत एआई कॉलिंग सॉफ्टवेयर स्वयं उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को फोन करता है। कॉल के दौरान यदि महिला किसी स्वास्थ्य समस्या की जानकारी देती है, तो संबंधित ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (सीबीएमओ) के व्हाट्सऐप पर तत्काल अलर्ट भेजा जाता है। इसके बाद सीबीएमओ संबंधित महिला से संपर्क कर एएनएम, सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ता के माध्यम से निकटतम स्वास्थ्य संस्था में रेफरल और उपचार की व्यवस्था कराते हैं। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्या की जानकारी समय पर प्राप्त होने के साथ ही आवश्यक उपचार एवं प्रबंधन में होने वाली देरी को कम करने में सहायता मिल रही है।
नीति आयोग के सहयोग से विकसित हुआ ‘मातृ साथी’ सॉफ्टवेयर
एआई कॉलिंग सॉफ्टवेयर ‘मातृ साथी’ नीति आयोग के कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त वित्तीय सहयोग से विकसित किया गया है। इसके निर्माण एवं क्रियान्वयन में जिला प्रशासन शहडोल का सहयोग रहा है। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य तकनीक के माध्यम से उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करना, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की तत्काल जानकारी प्राप्त करना तथा समय पर रेफरल और उपचार सुनिश्चित कर मातृ एवं शिशु सुरक्षा को मजबूत बनाना है।
एआई कॉलिंग के माध्यम से समय पर उपचार पाकर स्वस्थ हुईं महिलाएं
‘मातृ साथी’ अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर महिलाओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र अनत्नी, ब्यौहारी क्षेत्र की 26 वर्षीय सविता सिंह गौड़, पति राज कुमार सिंह को 19 नवम्बर 2026 को कॉल के दौरान सिकल सेल डिजीज की समस्या सामने आने पर महिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया गया। उपचार के बाद उन्हें स्वस्थ अवस्था मंि डिस्चार्ज किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

