सिवनीः कृषि वर्ष 2026 किसानों के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर - विधायक दिनेश राय

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः कृषि वर्ष 2026 किसानों के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर - विधायक दिनेश राय


सिवनी, 11 जनवरी(हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा कृषि वर्ष 2026 किसानों के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर है। परंपरागत खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर ही किसान कम लागत में अधिक उत्पादन और अधिक आय प्राप्त कर सकता है। कृषि रथ किसानों तक ज्ञान, तकनीक और समाधान तीनों एक साथ पहुँचाने का माध्यम है। यह बात सिवनी विधायक दिनेश राय ने रविवार को कृषि विज्ञान केन्द्र सिवनी में कही।

विधायक ने मृदा परीक्षण आधारित खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण एवं सहायक व्यवसायों को अपनाने पर विशेष जोर देते हुए किसानों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।

कृषि उपसंचालक सुधीर कुमार धुर्वे ने बताया कि किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं लाभकारी कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि रथ को जिले के सभी विकासखंडों से ग्राम पंचायतों के लिए सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कृषि विज्ञान केंद्र, सिवनी से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कृषि रथ जिले की ’’सभी 635 ग्राम पंचायतों’’ तक पहुँचेगा और किसानों के लिए चलता-फिरता ज्ञान केंद्र बनकर खेत-खलिहानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुँचाएगा।

उपसंचालक ने बताया कि इस अनूठी पहल के माध्यम से कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन जैसे विषयों पर किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। कृषि रथ के साथ चल रहे तकनीकी सलाहकार किसानों को उन्नत बीज, मृदा परीक्षण, प्राकृतिक खेती, सिंचाई प्रबंधन, फसल उत्पादन, दुग्ध उत्पादन एवं मत्स्य पालन पर व्यावहारिक मार्गदर्शन देंगे।

कृषि रथ की रवानगी से पूर्व कृषि विज्ञान केंद्र में राज्य स्तरीय कृषक कल्याण वर्ष 2026 कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया गया, जिससे वे शासन की मंशा और योजनाओं से सीधे जुड़ सके।

कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि सुधीर कुमार धुर्वे, उपसंचालक पशुपालन जे.पी. शिव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पूर्वी तिवारी, कृषि वैज्ञानिक सहित अनेक अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story