आदमपुर खंती में आरडीएफ निपटान की धीमी गति पर एजेंसी को 3.20 लाख का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
आदमपुर खंती में आरडीएफ निपटान की धीमी गति पर एजेंसी को 3.20 लाख का जुर्माना


भोपाल, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शनिवार को आदमपुर खंती का निरीक्षण कर ठोस अपशिष्ट निष्पादन कार्य की प्रगति की समीक्षा की। आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) के निपटान की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसी सौराष्ट्र पर 3 लाख 20 हजार रुपये की पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही लीगेसी कचरे और आरडीएफ का निपटान तेज गति से करने तथा प्रतिदिन कार्य की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

आयुक्त अहिरवार ने एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि निष्पादन कार्य की प्रगति से प्रतिदिन निगम को अवगत कराया जाए और आगामी फरवरी माह के अंत तक पूरा कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए।

उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह भी निगम आयुक्त ने आदमपुर खंती का निरीक्षण किया था। उस दौरान ठोस अपशिष्ट के निष्पादन और उससे निकलने वाले आरडीएफ के निपटान की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई थी। इसके बाद शनिवार को दोबारा निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर एजेंसी पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान एजेंसी के प्रतिनिधियों ने आयुक्त को बताया कि कचरे के त्वरित निष्पादन के लिए दो अतिरिक्त आधुनिक प्रोसेसिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे कचरा प्रसंस्करण की क्षमता पहले की तुलना में करीब 80 प्रतिशत बढ़ गई है।

निगम आयुक्त की सख्ती के बाद आदमपुर खंती में मल्टी डेक प्रोसेसिंग मशीन और रोटो स्क्रीन भी स्थापित की गई हैं। वर्तमान में यहां पांच प्रोसेसिंग मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन ठोस कचरे का निपटान किया जा सकेगा। निगम के अनुसार, इन मशीनों से कचरा निष्पादन की गति लगभग दोगुनी होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story