जबलपुर अधिवक्ता शतरंज टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ, 55 अधिवक्ता ले रहे हिस्सा
जबलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर के तत्वावधान में शनिवार को स्वर्गीय वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र वर्मा की स्मृति में चतुर्थ जबलपुर अधिवक्ता शतरंज टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 55 अधिवक्ता प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम दिवस प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में संस्कारधानी चेस के उत्कर्ष अग्रवाल मुख्य आर्बिट्रेटर के रूप में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य अधिवक्ताओं के बीच बौद्धिक खेलों को प्रोत्साहित करने के साथ स्व. वीरेंद्र वर्मा की स्मृति को संजोए रखना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

