राजगढ़ःजिला पंचायत की साधारण सभा सम्पन्न, जल गंगा संवर्धन अभियान में जिले ने रचा कीर्तिमान

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःजिला पंचायत की साधारण सभा सम्पन्न, जल गंगा संवर्धन अभियान में जिले ने रचा कीर्तिमान


राजगढ़, 29 अप्रैल(हि.स.)। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया की अध्यक्षता में साधारण सभा की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य केन्द्र बिंदु प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन रहा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने जिले में चल रही गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जल संरक्षण कार्यों में राजगढ़ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अभियान में जिला प्रदेश में चैथे स्थान तथा संभाग में प्रथम स्थान पर पहुंचा है, जो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। बैठक में बताया गया कि जिलेभर में खेत तालाब निर्माण, डगवेल एवं रिचार्ज पिट तैयार करना, सार्वजनिक व आवासीय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करना, सोकपिट-मैजिक पिट निर्माण, नालों की ट्रेंचिंग, पुराने कुओं और बावड़ियों की सफाई तथा पौधरोपण जैसे कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से जिले में जल संवर्धन की दिशा में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया और खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी ने इन कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जल संरक्षण प्रशासन का ही नहीं, पूरे समाज का दायित्व है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग देते हुए पानी की हर बूंद बचाने का संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना न करना पड़े। सभा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के सदस्यों ने हिस्सा लिया और अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाने पर सहमति व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story