राजगढ़ः समय-सीमा बैठक आयोजित, शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर सख्ती

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः समय-सीमा बैठक आयोजित, शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर सख्ती


राजगढ़,23 मार्च (हि.स.)। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले विभागों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि गत रिपोर्ट में बॉटम-5 में शामिल विभागों पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना विभागीय जिम्मेदारी है, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को सार्थक एप पर नियमित उपस्थिति दर्ज करने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए एसडीएम एवं तहसीलदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि जाति एवं आय प्रमाणपत्रों की प्रविष्टियां संकल्प से समाधान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएं, ताकि लाभार्थियों के कार्य समय पर पूर्ण हो सकें। उपार्जन कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सभी एसडीएम एवं तहसीलदार उपार्जन केन्द्रों का सत्यापन करें और सुनिश्चित करें कि व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों। साथ ही, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए सभी खाद गोदामों का फिजिकल वेरिफिकेशन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चैहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story