राजगढ़ः सीईओ ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा, लापरवाही पर सीएमओ का नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सीईओ ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा, लापरवाही पर सीएमओ का नोटिस


राजगढ़, 08 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बुधवार को जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले नेे जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक में अभियान के अंतर्गत सभी विभागों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया।

समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि नगरपालिका, नगर परिषद एवं नगर पंचायत-राजगढ़, नरसिंहगढ़, सारंगपुर, पचैर, खिलचीपुर, तलेन, बोड़ा, कुरावर और खुजनेर के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप अपेक्षित कार्यवाही नहीं की गई है। अभियान में रुचि न लेने और प्रगति संतोषजनक न होने पर डॉ. गढ़पाले ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए। साथ ही सभी नगरीय निकायों को अभियान में तीव्र गति लाने के सख्त निर्देश दिए गए।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कुओं का पुनर्जीवन एवं गहरीकरण, हैंडपंपों का सुधार, गाद निकालने, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण संबंधी कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। इसके साथ ही प्रत्येक नगरीय निकाय में अमृत मित्र बनाए जाने तथा आगामी एक सप्ताह में जिलेभर में अधिकतम संख्या में पेयजल प्याऊ स्थापित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए। डॉ. गढ़पाले ने सभी विभागों को अपने कार्यों में तेजी लाने, अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने तथा प्रत्येक कार्य के पूर्व एवं पश्चात के फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों की प्रगति को समय-समय पर समाचार पत्रों में प्रकाशित कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान की पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story