राजगढ़ः सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर नोटिस के निर्देश


राजगढ़,16 अप्रैल(हि.स.)। कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने गुरुवार को कृषि विभाग से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की सख्ती से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक मंडी सचिव से लंबित शिकायतों की जानकारी ली और उप संचालक कृषि पर नाराजगी जताई।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं से संपर्क करें और भावांतर भुगतान सहित अन्य समस्याओं की व्यक्तिगत रूप से जानकारी लें। केवल अधीनस्थ अधिकारियों पर निर्भर रहने की प्रवृत्ति को सुधारने की हिदायत दी गई। बैठक में लापरवाही पाए जाने पर कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खिलचीपुर मंडी सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा आयुक्त कृषि विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए पत्र भेजने को कहा गया। कुरावर मंडी सचिव को शिकायतकर्ता से संपर्क न करने और शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।वहीं ब्यावरा मंडी सचिव को शिकायतों का संतोषजनक निराकरण न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा खिलचीपुर एसएडीओ के खिलाफ लंबित शिकायतों में लापरवाही के चलते एक वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में उप संचालक कृषि सचिन जैन, सभी एसएडीओ और मंडी सचिव मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story