राजगढ़ः कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश


राजगढ़, 13 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में उपार्जन कार्य को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने सोमवार को कालीपीठ, चाठा एवं बेलास उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, खरीदी प्रक्रिया और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्रों पर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, छाया, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि उपार्जन केंद्र किसानों के लिए सहज और सुगम हों, ताकि वे अपनी उपज का विक्रय बिना किसी परेशानी के कर सकें। निरीक्षण के दौरान चाठा उपार्जन केंद्र में व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नाराजगी जाहिर करते हुए नोडल अधिकारी नरेश मीणा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपार्जन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था और दस्तावेजों के संधारण को व्यवस्थित एवं पारदर्शी रखने के लिए भी विशेष निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशानुसार उपार्जन कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित होना चाहिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और कलेक्टर के निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story