राजगढ़ः जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
राजगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर मंगलवार को जनसुनवाई में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा के सामने रखीं। किसी किसान को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिल रही है तो किसी की कृषि भूमि तक मोहनपुरा परियोजना की पाइपलाइन से पानी नहीं पहुंच रहा है। वहीं वृद्ध दंपती पेंशन बंद होने और एक महिला ने बिजली की समस्या से फसल बर्बाद होने की शिकायत की।
जनसुनवाई में कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम तुमड़ियाखेड़ी निवासी मांगीलाल ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार खुजनेर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम खजुरी निवासी देवेंद्र तोमर ने अपनी कृषि भूमि पर मोहनपुरा परियोजना की पाइपलाइन से पानी नहीं मिलने की समस्या बताई। किसान का कहना था कि पानी नहीं मिलने से फसल की बुआई प्रभावित हो रही है। इस मामले में ईई, जल संसाधन विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसी तरह ग्राम परसापुरा निवासी कलाबाई ने बताया कि उसे और उसके पति को पहले वृद्धावस्था पेंशन मिलती थी, लेकिन अब योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। कलेक्टर ने तहसीलदार खिलचीपुर को मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। ग्राम गोपालपुरा निवासी सोरम बाई ने बताया कि बिजली की कमी के कारण उसकी पूरी फसल खराब हो गई है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से वह डीपी भी नहीं लगवा पा रही है। फसल खराब होने के बावजूद उसे शासन से कोई सहायता राशि नहीं मिली है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार राजगढ़ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान, एसडीएम सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

