अनूपपुर: स्कूल परिसर में जलभराव के बीच बच्चे करते हैं आवाजाही

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: स्कूल परिसर में जलभराव के बीच बच्चे करते हैं आवाजाही


अनूपपुर: स्कूल परिसर में जलभराव के बीच बच्चे करते हैं आवाजाही


अनूपपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में लगातार हो रही बारिश से दैखल ग्राम पंचायत के बंधवाटोला स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न होने से बारिश का पानी स्कूल परिसर में जमा हो गया है।

ज्ञात हो कि विद्यालय परिसर में समुचित नाली व्यवस्था न होने से ऐसी स्थिति निर्मित हुई हैं। जिससे बच्चों को गंदे और गहरे पानी के बीच से होकर कक्षाओं तक जाना पड़ रहा है, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि हर साल बारिश के मौसम में स्कूल परिसर तालाब का रूप ले लेता है। अभिभावकों ने चिंता जताई है कि पानी जमा होने से बच्चों के फिसलने, संक्रामक बीमारियों, मच्छरों के पनपने और जहरीले जीवों के निकलने का गंभीर जोखिम बना हुआ है।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश केवट ने बताया कि यह समस्या पिछले चार वर्षों से बनी हुई है। इस संबंध में शिक्षा विभाग, जनपद और जिला पंचायत को पत्राचार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आसपास के खेतों का पानी स्कूल की तरफ मोड़ दिया गया है, जिससे तेज बारिश में पानी सीधे कमरों में प्रवेश कर जाता है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों से नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर में सुरक्षित माहौल और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story