अभिनेत्री करीना कपूर के समर्थन में चंद्रशेखर तिवारी, बोले- माफी मांगने की जरूरत नहीं

WhatsApp Channel Join Now
अभिनेत्री करीना कपूर के समर्थन में चंद्रशेखर तिवारी, बोले- माफी मांगने की जरूरत नहीं


भोपाल, 13 नवंबर (हि.स.)। अभिनेत्री करीना कपूर खान के इंस्टाग्राम पोस्ट में कथित तौर पर कुरान की आयतों वाला पेंडेंट नजर आने के बाद विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने इस पर आपत्ति जताते हुए करीना से पोस्ट हटाने और माफी मांगने की मांग की है।

वहीं, हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच से जुड़े चंद्रशेखर तिवारी ने अभिनेत्री का समर्थन किया है। उनका कहना है कि करीना को इस मामले में माफी मांगने की जरूरत नहीं है। उन्होंने धार्मिक प्रतीकों और आस्था के सम्मान का हवाला देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रतीक धारण करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए।

चंद्रशेखर तिवारी ने शुक्रवार काे मीडिया से बातचीत में अपना पेंडेंट दिखाते हुए कहा कि वे गले में मां भगवती की तस्वीर और 'मां' लिखा पेंडेंट पहनते हैं। इससे उन्हें पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। इसी तरह यदि करीना कपूर ने कुरान की आयतों वाला पेंडेंट पहना है, तो इसमें आपत्ति की क्या बात है। उन्होंने कहा कि करीना का जन्म हिंदू परिवार में हुआ है और सैफ अली खान से विवाह के बाद भी उन्हें अपनी धार्मिक आस्था और परंपराओं के पालन की स्वतंत्रता है।

तिवारी के मुताबिक, दीपावली के दिन करीना ने पूजन किया और इस दौरान यह पेंडेंट पहना था। इसमें किसी तरह की गलत बात नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने मुस्लिम बच्चों को चांद-सितारे वाले पेंडेंट और ताबीज पहने देखा है। ताबीज में क्या लिखा है, यह भी कई बार पता नहीं होता। उनके अनुसार, करीना के मामले में आपत्ति की एक वजह दीपावली के दिन पेंडेंट पहनना भी हो सकती है। करीना कपूर को माफी मांगनी चाहिए या नहीं, इस सवाल पर तिवारी ने कहा कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अभिनेत्री के समर्थन में कहा कि हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच भी उनके साथ हैं।

अब्बास हफीज ने भेजा कानूनी नोटिस

दूसरी ओर, कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने भोपाल कोर्ट के माध्यम से अपने वकील के जरिए करीना कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने पेंडेंट में लिखी कुरान की आयतों को धार्मिक आस्था से जुड़ा बताते हुए उन्हें फैशन के तौर पर प्रदर्शित करने पर आपत्ति जताई है। नोटिस में संबंधित पोस्ट हटाने, माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की मांग की गई है। अब्बास हफीज के वकील एडवोकेट जफर राजा ने स्पष्ट किया कि उनकी आपत्ति करीना कपूर के पेंडेंट पहनने को लेकर नहीं, बल्कि उस पर लिखी कुरान की आयत को सोशल मीडिया पर प्रदर्शित करने को लेकर है। उनके मुताबिक, पेंडेंट पर आयतुल कुर्सी लिखी है, जिसे इस्लाम में पवित्र माना जाता है।

जफर राजा ने कहा कि मुस्लिम परंपरा में कुरान को छूने और आयत पढ़ने से पहले वुजू करने की परंपरा है। ऐसे में पवित्र आयत को आभूषण के रूप में पहनकर सोशल मीडिया पर प्रदर्शित करने से समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी आधार पर नोटिस भेजकर पोस्ट हटाने की मांग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story